



मायका वाले ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप
नवगछिया नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मील टोला स्थित एक किराए के मकान में रविवार सुबह करीब 11 बजे एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी मौसम कुमार की 19 वर्षीय पत्नी आँचल कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

घटना की खबर मिलते ही आँचल के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां शव से लिपटकर परिजन फूट-फूटकर रोते नजर आए। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका आँचल कुमारी पूर्णिया जिला के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विजय घाट निवासी अखलेश मंडल की पुत्री थी। उसके चचेरे भाई सोनू कुमार ने बताया कि 24 मार्च 2025 को मौसम कुमार ने आँचल से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। मौसम कुमार, पिता इंद्रदेव उर्फ इनरदेव यादव, लक्ष्मीपुर गांव (इस्माईलपुर थाना क्षेत्र) का निवासी है और आरबीएल प्राइवेट बैंक में कार्यरत है।

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद मौसम कुमार आँचल को अपने घर ले गया था, लेकिन वहां ससुराल वालों ने उसे रखने से इनकार कर दिया। इस संबंध में पंचायत भी हुई, जिसमें छह लाख रुपये दहेज की मांग की गई। जबकि विवाह के बाद उपहार स्वरूप लाखों रुपये के सामान और जेवरात दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार छह लाख रुपये की मांग पर अड़ा रहा।
इसके बाद मौसम कुमार आँचल को नवगछिया के मील टोला स्थित एक किराए के कमरे में रखने लगा। आरोप है कि पिछले एक माह से पति और उसके परिजन पैसे की मांग को लेकर आँचल को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आँचल ने इस प्रताड़ना की जानकारी शनिवार को अपने मायके वालों को भी दी थी। अगले ही दिन रविवार सुबह उसका शव कमरे में लटका मिला।

इधर, मृतका के परिजनों ने नवगछिया पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि फर्द बयान के नाम पर उन्हें करीब दो घंटे तक थाना में बैठाकर रखा गया और बाहर नहीं जाने दिया गया। साथ ही अनुमंडल अस्पताल पहुंचे आरोपित ससुराल पक्ष के लोगों को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं किया गया।

इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक रवि शंकर सिंह ने बताया कि महिला का शव लटका हुआ पाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन में दहेज को लेकर मानसिक प्रताड़ना एवं हत्या का आरोप लगाया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है।













