


भागलपुर। पुलवामा आतंकी हमले की सातवीं बरसी पर 14 फरवरी को कहलगांव विधायक सुभानंद मुकेश ने भागलपुर के शहीद रतन ठाकुर की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि 14 फरवरी 2019 का दिन देश कभी नहीं भूल सकता, जब कायराना आतंकी हमले में देश ने अपने 40 वीर जवानों को खो दिया था।
विधायक ने कहा कि पुलवामा हमले के शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा और देशवासी उनके त्याग को हमेशा याद रखेंगे। ज्ञात हो कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में भागलपुर के मदरगंज निवासी जवान रतन ठाकुर भी शहीद हुए थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद विधायक शहीद के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद के पिता निरंजन ठाकुर, दादा एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान मदरगंज मुखिया प्रभु साह, कहलगांव प्रखंड जदयू अध्यक्ष शाहबाज आलम मुन्ना, रविंद्र यादव, विक्की आनंद, अमरजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













