



भागलपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुराने विवाद को लेकर खगड़िया जिले के महेशखुट काजीचक निवासी बैजू चौधरी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, बैजू चौधरी अपने घर के पास बासा पर आराम कर रहे थे। उस समय तेज बारिश हो रही थी। इसी बीच घात लगाए तीन लोग वहां पहुंचे और अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बैजू चौधरी लहूलुहान होकर गिर पड़े।

परिजन आनन-फानन में उन्हें भागलपुर जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (JLNMCH) लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया और गांव में तनाव व्याप्त हो गया है।
मृतक के बेटे आदर्श चौधरी ने बताया कि वर्ष 2018 में उनके परिवार का एक विवाद हुआ था। उस झड़प में गौरव कुमार, सौरभ कुमार, शंभू चौरसिया और संजय चौरसिया शामिल थे। आदर्श ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं लोगों ने उनके पिता की हत्या की साजिश रची और चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया।

आदर्श ने आगे कहा कि इस संबंध में उन्होंने पहले ही महेशखुट थाना पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने रोते हुए कहा – “अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो आज मेरे पिताजी जिंदा होते।”
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













