



भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी खरादी मोहल्ले में शनिवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मोहल्ले के निवासी मोहम्मद इमरान और उसके परिवार के करीब 10–11 सदस्यों पर एक ही परिवार की तीन महिलाओं को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है।

पीड़ित पिंकी ने बताया कि वह घर की छत पर कपड़े सुखा रही थीं, तभी मोहम्मद इमरान ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इमरान उनके घर के दरवाजे तक पहुँच गया। इसके बाद वह घर में घुस गया और पिंकी की पिटाई शुरू कर दी।
घटना की आवाज सुनकर पिंकी की दोनों बेटियां शाइस्ता परवीन और निशा प्रवीण बीच-बचाव के लिए आईं, लेकिन इमरान और उसके परिवार के सदस्यों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। तीनों महिलाओं को गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि 200 स्क्वायर फीट जमीन को लेकर इमरान लगातार उन पर दबाव डालता रहा है। कभी जमीन अपने नाम कराने के लिए और कभी 3 लाख रुपये की मांग को लेकर वह आए दिन विवाद खड़ा करता है। दोनों पक्षों में इससे पहले भी कई बार झड़प हो चुकी है।
पिंकी का कहना है कि इमरान पहले जगदीशपुर थाना की गाड़ी चलाता था, जिसके कारण मोहल्ले में वह दबंगई दिखाता रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।















