



भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में 16 फरवरी को हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को मदन यादव को गोली मार दी गई थी। गोली उनके कंधे में लगी, जिसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान मदन यादव ने पुलिस को अपना बयान दिया, जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।

घायल के बयान पर विनोद यादव, पिंकू यादव और निकेश यादव के खिलाफ सुलतानगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार का उपयोग ही गोलीबारी की घटना में किया गया था।
सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मदन यादव और आरोपियों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण आरोपियों ने मदन यादव पर गोली चला दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।













