



भागलपुर । पुरुष नसबंदी पखवाड़ा को प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को बिहपुर सीएचसी में आशा कर्मियों की बैठक आयोजित की गई। यह पखवाड़ा 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलाया जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी आशा और एएनएम कर्मियों को पुरुष नसबंदी के प्रति अधिक से अधिक पुरुषों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक आशा और एएनएम को कम से कम दो पुरुषों को नसबंदी के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य दिया है, ताकि परिवार नियोजन का संदेश अधिक से अधिक दंपतियों तक पहुंचे। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि पुरुष नसबंदी सुरक्षित, सरल और प्रभावी प्रक्रिया है, लेकिन इसके प्रति लोगों में अभी भी जागरूकता की कमी है।
कार्यक्रम के दौरान आशा कर्मियों के बीच नई पहल किट का वितरण भी किया गया। कुल 340 किट दी गई हैं, जिन्हें आशा कार्यकर्ता नवविवाहित दंपतियों तक पहुंचाएंगी। इन किटों में परिवार नियोजन से जुड़ी आवश्यक सामग्री और परामर्श पुस्तिका शामिल है।

स्वास्थ्य विभाग ने आशा दीदियों से गांव-गांव जाकर परिवार नियोजन, पुरुष नसबंदी और सुरक्षित मातृत्व के बारे में जनजागरूकता फैलाने की अपील की। बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुरारी पोद्दार, प्रखंड आशा प्रबंधक शमशाद आलम सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।















