



भागलपुर। लोकतंत्र के इस महापर्व पर भागलपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार भारी बहुमत के साथ बनने जा रही है। उन्होंने कहा, “14 नवंबर को पूरा बिहार विजय की दीपावली मनाएगा, क्योंकि जनता विकास और सुशासन के पक्ष में वोट कर रही है।”

अश्विनी चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई दिशा पाई है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को ही जनादेश देगी।
दिल्ली में हुए आतंकी हमले पर दुख व्यक्त करते हुए चौबे ने कहा, “यह घटना बेहद दर्दनाक है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति हमारी गहरी संवेदना है।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह पाकिस्तान की साजिश का हिस्सा हो सकता है और चेतावनी दी कि “यदि पाकिस्तान नहीं सुधरा तो हिंदुस्तान उसे किसी कीमत पर बख्शेगा नहीं।”

पूर्व मंत्री ने बताया कि घटना के बाद गृह मंत्री अमित शाह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह इस मामले को लेकर अत्यंत गंभीर हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अश्विनी चौबे ने अंत में जनता से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा, “हर वोट लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प है। आइए, मिलकर बिहार को विकास और स्थिरता के मार्ग पर आगे बढ़ाएं।”
















