



कांग्रेस सांसद ने भाजपा और चुनाव आयोग पर साधा निशाना
भागलपुर : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को अंग प्रदेश के हृदय स्थल भागलपुर में हल्की बारिश के बीच आयोजित वोटर अधिकार यात्रा के छठे दिन भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने भीड़ को संबोधित करते हुए दो नारे दोहराने की अपील की – “वोट चोर गद्दी छोड़” और “हमें रोजगार चाहिए”।
राहुल गांधी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर किया जा रहा है। उन्होंने इसे ‘वोट चोरी’ करार देते हुए कहा कि यह न केवल लोकतंत्र बल्कि संविधान पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान बनाने में अपना जीवन समर्पित किया, महात्मा गांधी ने इसके लिए बलिदान दिया। यह संविधान गरीब, कमजोर और हर नागरिक की रक्षा करता है, लेकिन भाजपा और उसके सहयोगी इस आधारशिला को मिटाने की साजिश कर रहे हैं।

सभा में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव परिणामों में भी धांधली हुई थी। उनके अनुसार भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए मताधिकार छीन रही है और इससे केवल चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुँचा रही है। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि इंडिया गठबंधन मताधिकार की रक्षा के लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करेगा।
उन्होंने कहा, “संविधान को मिटाने की कोशिश हो रही है। हिंदुस्तान का हर गरीब यह समझे कि यही संविधान उसकी रक्षा करता है। हम इसे कभी समाप्त नहीं होने देंगे।”
राहुल गांधी के साथ राजद नेता एवं बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी और भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी खुले वाहन में बैठे जनता का अभिवादन कर रहे थे। तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा पहले ही गरीबों से रोज़गार और सुविधाएँ छीन चुकी है, अब उनके मताधिकार पर भी हमला कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार की जागरूक जनता भाजपा की इस चाल को कभी सफल नहीं होने देगी।
यात्रा के दौरान अकबरनगर में महागठबंधन घटक दलों के नेताओं ने सभी का स्वागत किया। इसके बाद चंपानगर में बुनकर समाज ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। कबीर मोड़ पर कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के संभावित कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद कलाम उद्दीन ने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच राहुल गांधी का अभिनंदन किया। राहुल गांधी ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ ग्रहण कर कलाम उद्दीन का आभार व्यक्त किया और प्रतीकात्मक रूप से उन्हें टॉफ़ी देकर सम्मानित किया।
इसके बाद यात्रा ततारपुर चौक, स्टेशन चौक, लोहिया पुल चौक, पटल बाबू पथ, शहीद भगत सिंह चौक, घंटाघर चौक, कचहरी चौक, तिलकामांझी चौक और बाबू वीर कुंवर सिंह चौक से होती हुई नवगछिया की ओर बढ़ी। इस दौरान एआईसीसी सदस्य और कहलगांव के संभावित कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण सिंह कुशवाहा तथा भागलपुर विधायक अजीत शर्मा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में लोगों ने राहुल गांधी और महागठबंधन के नेताओं का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान सड़क किनारे खड़ी भीड़ राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखी। पूरे मार्ग पर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘हमारा वोट हमारा अधिकार’ जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा।













