



मृतक की पहचान खगड़िया जिले के दुधेला गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई
नवगछिया के बिहपुर रेल जीआरपी थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार तड़के एक युवक का शव डाउन रेल लाइन पर बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पोल संख्या 79/26 के समीप पूर्वी समपार फाटक के पास मिला। मौके से डाक बम का सामान और प्रसाद बरामद हुआ है, जिससे यह संकेत मिलता है कि मृतक किसी धार्मिक आयोजन से लौट रहा था।

शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश शुरू की। सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर वायरल होने के बाद मृतक की पहचान खगड़िया जिला के पसराहा थाना क्षेत्र के दुधेला गांव, वार्ड संख्या 9 निवासी राहुल कुमार (उम्र 19 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुबोध रजक के रूप में की गई।
परिजनों के अनुसार, राहुल रविवार रात करीब 9 बजे अगुवानी गंगा घाट से जल भरकर बिहपुर के मड़वा ब्रजलेश्वरनाथ धाम जल चढ़ाने के लिए निकले थे। इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो सका। सोमवार सुबह उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की मां वीणा देवी, छोटा भाई रंजन कुमार और दोनों बहनें बेसुध होकर रोती रहीं। राहुल अपने परिवार का बड़ा बेटा था और इंटरमीडिएट का छात्र था। पिता की मृत्यु के बाद वह ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वह पढ़ाई के साथ-साथ ईंट भट्ठा पर मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। अगली साल एक बहन की शादी की तैयारी चल रही थी, लेकिन अब पूरे परिवार पर संकट मंडरा रहा है।
गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और ग्रामीणों ने बताया कि राहुल के निधन से परिवार पर भारी आर्थिक संकट आ गया है। छोटे भाई की पढ़ाई और बहन की शादी पर भी संकट के बादल छा गए हैं।
बिहपुर रेल जीआरपी थानाध्यक्ष सुदामा पासवान ने जानकारी दी कि युवक की मौत अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से हुई प्रतीत होती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल इस संबंध में परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।













