


भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना पीरपैंती-अम्मापाली फोरलेन के पास की बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बाद में मृतक की पहचान ओलापुर निवासी हुकुमचंद मंडल के पुत्र पिंकू मंडल के रूप में हुई। पहचान होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पीरपैंती थाना की सब इंस्पेक्टर संगम कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की।
मृतक के पिता हुकुमचंद मंडल ने बताया कि उनका बेटा शनिवार सुबह करीब 10 बजे से लापता था। वह घर से निकला था, लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह सूचना मिली कि उसका शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा हुआ है।
परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि पिंकू मंडल की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। वहीं मृतक के पुत्र नीतीश कुमार ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।















