


भागलपुर/बांका। बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर नवादा गांव में एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता नूतन देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कर्मणी पासवान ने उनके साथ जबरन गलत कार्य करने की कोशिश की।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने शोर मचाया तो परिजन और आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और मौके से फरार हो गया। बताया गया कि कुछ समय बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ पुनः लौट आया और पीड़िता के परिवार पर हमला कर दिया।
इस घटना में धनंजय पंडित, अभिकांत पंडित, विपुल पंडित और सुधाकर पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान धनंजय पंडित की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि घटना को लेकर रजौन थाना में आवेदन दिया गया है, लेकिन उनका आरोप है कि नामजद आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिसके कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार ने जिन लोगों पर हमले का आरोप लगाया है, उनमें ओंकार पासवान, मनोज पासवान, घनश्याम पासवान, भीमा पासवान और आलोक पासवान शामिल हैं। सभी आरोपी गोपालपुर नवादा गांव, थाना रजौन के निवासी बताए जा रहे हैं।
मामले को लेकर पीड़िता नूतन देवी, उनके मैसूर गोविंद पंडित तथा घायल विपुल पंडित ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।












