



भागलपुर : जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण सिंह ने जानकारी दी कि बिहार राज्य एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में नामांकन के लिए भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित इंडोर स्टेडियम बैडमिंटन हॉल में आयोजित चयन ट्रायल संपन्न हुआ। इस ट्रायल में लगभग 50 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा नियुक्त प्रशिक्षकों की देखरेख में किया गया। इसमें बैडमिंटन प्रशिक्षक चंद्रभानु कुमार, निशांत कुमार, सुभाष कुमार पंजियार के साथ शारीरिक शिक्षक राकेश कुमार, चंद्रभूषण कुमार, जयंत राज, किरण कुमारी, रंजीत कुमार, विक्की कुमार, मोहम्मद जुलबाब, मृणाल किशोर, सतीश चंद्र, आमिर खान आदि शामिल रहे।
बैटरी टेस्ट के अंतर्गत खिलाड़ियों की लंबाई, वजन, वर्टिकल जंप, शटल रन और 800 मीटर दौड़ के माध्यम से उनकी शारीरिक दक्षता और खेल कौशल का मूल्यांकन किया गया।

इस चयन ट्रायल में भागलपुर के अलावा खगड़िया, मुंगेर, बांका सहित आसपास के जिलों के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह साफ देखा गया। प्रतिभागी अपने चयन को लेकर काफी गंभीर नजर आए और बार-बार चयन प्रक्रिया की जानकारी लेते रहे। इससे स्पष्ट है कि बिहार में खेलों के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र, बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों को नि:शुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, आधुनिक खेल उपकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, चिकित्सा सुविधा एवं दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।













