5
(1)

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में चल रही नौ दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन मेजबान भागलपुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दरभंगा को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भागलपुर की टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह लगभग तय कर ली है। प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

सुबह के सत्र में खेले गए मैच में भागलपुर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, जो बिल्कुल सही साबित हुआ। दरभंगा की टीम महज 81 रनों पर ऑल आउट हो गई। दरभंगा की ओर से केवल मनी कुमार ही थोड़ी देर टिक सके, उन्होंने 20 रन बनाए। कृष ने 14 और अंकित ने 10 रनों का योगदान दिया। भागलपुर के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए दरभंगा की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। आरव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट झटके। विराज ने 17 रन देकर 2 विकेट और आदित्य ने 13 रन देकर 1 विकेट लिया।

82 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर की टीम ने शुरुआत से मजबूती दिखाई। बल्लेबाज दिव्यांशु ने 18 गेंदों पर 23 रन जड़े। हर्षित ने 17 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने 33 गेंदों पर 15 रन जोड़कर टीम को जीत दिलाई। भागलपुर ने 4.2 ओवर शेष रहते 6 विकेट से जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन के आधार पर भागलपुर ग्रुप ‘बी’ में शीर्ष पर पहुंच गया है। टीम का तीसरा और अंतिम लीग मैच शनिवार को मुंगेर के खिलाफ खेला जाएगा। इस मैच का मैन ऑफ द मैच आरव कुमार (भागलपुर) को चुना गया। निर्णायक सुनील कुमार और राजेश कुमार तथा स्कोरर रोहित राज व अंकित अमृत राज थे।

दोपहर के सत्र में मुंगेर और पटना के बीच मुकाबला खेला गया। मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी भागलपुर जयनारायण कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई। पटना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 156 रन बनाए। कुमार शान और धनंजय ने शानदार अर्धशतक लगाए। धनंजय ने 43 गेंदों में 56 रन, जबकि कुमार शान ने 46 गेंदों में 52 रन बनाए। दिवाकर ने 19 रनों का त्वरित योगदान दिया। मुंगेर के किशन रॉय और विकास ने 2-2 विकेट लिए, जबकि नीरज ने 1 विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 124 रन ही बना सकी और मैच 33 रनों से हार गई। मुंगेर की ओर से आयुष ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए, अंकित ने 19 और धीरज ने 17 रनों का योगदान दिया। पटना की ओर से गेंदबाज कुमार शान ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट झटके। दिवाकर ने 2 विकेट और उज्ज्वल ने 1 विकेट लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कुमार शान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस मुकाबले में चयनकर्ता धनंजय कुमार, शैलेंद्र कुमार दीक्षित, नवीन भूषण शर्मा, अंपायर मनोज गुप्ता और जयंत कुमार खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर करीबी नजर रखे हुए हैं, ताकि सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन किया जा सके।

शनिवार को सुबह 8 बजे भागलपुर बनाम मुंगेर और दोपहर 12 बजे दरभंगा बनाम पटना का मुकाबला खेला जाएगा।
कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के सचिव जयशंकर ठाकुर, संयुक्त सचिव सुबीर मुखर्जी, शारीरिक शिक्षक नीरज राय, नवीन भूषण, आलोक कुमार, संजीव कुमार सिंह, अशोक कुमार, देवीशंकर, वरुण गंगोत्री, जयंतो राज, चंद्रभूषण कुमार, राकेश कुमार, प्रधान लिपिक सतीश चंद्र, लिपिक मृणाल किशोर, अमीर खान, गृह रक्षक सुनील कुमार और सुनील कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: