5
(1)

भागलपुर : खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले गए।

पहला मैच सुबह के सत्र में भागलपुर और मुंगेर के बीच हुआ। टॉस जीतकर भागलपुर ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर की टीम ने 9 विकेट खोकर कुल 114 रन बनाए। मुंगेर की ओर से आयुष कुमार ने सर्वाधिक 41 रन जबकि विकास यादव ने 29 रनों का योगदान दिया। अन्य खिलाड़ी अधिक प्रभाव नहीं छोड़ सके।

भागलपुर की ओर से गेंदबाजी बेहद किफायती रही। आरव कुमार ने अपने चार ओवर में केवल 20 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि सत्येंद्र कुमार ने 13 रन खर्च कर दो विकेट झटके। विराज कुमार और रितेश कुमार को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भागलपुर ने केवल दो विकेट खोकर 114 रन आसानी से हासिल कर लिए। टीम के कप्तान अनय कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंद में नाबाद 50 रनों की पारी खेली। उनके साथ रितेश कुमार ने 29 रन बनाए और अच्छी साझेदारी निभाई। दिव्यांशु कुमार ने भी 19 रनों का योगदान दिया। भागलपुर ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अनय कुमार मैन ऑफ द मैच चुने गए।

दिन का दूसरा मैच पटना और दरभंगा के बीच हुआ। दरभंगा की ओर से ऋषभ कुमार ने शानदार 54 रन की पारी खेली, जबकि आदित्य कुमार ने 34 रनों का अहम योगदान दिया। पटना की ओर से हिमांशु, शान और दिवाकर ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में पटना की टीम मजबूत प्रदर्शन नहीं कर सकी और 95 रनों पर ऑल आउट हो गई। दरभंगा ने यह मैच 34 रनों से अपने नाम किया।

दरभंगा की ओर से कृष्ण ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जबकि अंकित कुमार को दो और राजन कुमार को एक विकेट मिला। पटना की ओर से सिर्फ दिवाकर कुमार ने संघर्षपूर्ण 30 रन बनाए। इस मुकाबले में दरभंगा के कृष्ण कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दिन के दोनों मैचों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग स्पष्ट हो गई है। भागलपुर अपनी ग्रुप बी में शीर्ष स्थान पाकर सेमीफाइनल में पहुंच गया है, जहां उसका मुकाबला 24 नवंबर को ग्रुप ए की उपविजेता टीम मगध प्रमंडल से होगा।

दूसरा सेमीफाइनल तिरहुत बनाम किस टीम का होगा, यह रविवार के मुकाबले पर निर्भर करेगा। यदि दरभंगा मुंगेर को हरा देता है, तो दरभंगा सेमीफाइनल में पहुंचेगा और तिरहुत से भिड़ेगा। यदि दरभंगा मुंगेर से हारता है, तो पटना, दरभंगा और मुंगेर तीनों एक-एक जीत के साथ बराबरी पर होंगे और सेमीफाइनल में प्रवेश रन रेट के आधार पर तय होगा। रविवार का मुकाबला सुबह के सत्र में दरभंगा बनाम मुंगेर के बीच खेला जाएगा।

इस संबंध में जानकारी जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार के द्वारा दी गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: