



नवगछिया के बिहपुर में स्थानीय राम जानकी ठाकुरबाड़ी परिसर में मंगलवार को अन्नकूट पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा।
महंत नवल किशोर दास के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। राम दरबार में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किए गए। मंदिर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और दीयों से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर अलौकिक आभा से जगमगा उठा।

पूजा के पश्चात प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने भगवान से समृद्धि, सुख और शांति की कामना की।

महंत नवल किशोर दास ने कहा कि अन्नकूट पर्व हमें अन्न और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। यह पर्व सामूहिक श्रद्धा और भक्ति की अभिव्यक्ति है, जो समाज में एकता और सद्भाव का प्रतीक बनकर लोगों को जोड़ता है।















