



भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांव में अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। घायल युवक की पहचान मुकेश मंडल (25 वर्ष), पिता वासुदेव मंडल, निवासी रामनगर, थाना सबौर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश मंडल अपनी मौसी के घर रामनगर में सोया हुआ था। इसी दौरान देर रात अज्ञात अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी पीठ में लग गई, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत सबौर थाना पुलिस को फोन कर मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम घायल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बताया जा रहा है कि मुकेश मंडल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना के बाद परिवार में भय और चिंता का माहौल है। फिलहाल गोली मारने के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।














