


नवगछिया : रामनवमी और ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को नवगछिया अनुमंडलीय सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीओ रोहित कर्दम ने की।
बैठक में एसडीपीओ ओम प्रकाश, आदर्श थाना नवगछिया के एसएचओ सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना अध्यक्ष, बीडीओ, सीओ एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ रोहित कर्दम ने कहा कि रामनवमी और ईद जैसे पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के प्रतीक हैं। ऐसे में इन अवसरों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष चौकसी बरती जाए तथा प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी थानों को अलर्ट मोड में रखा गया है। उन्होंने थाना अध्यक्षों को नियमित गश्त करने एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों, जुलूस मार्गों और धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नवगछिया पुलिस की आईटी सेल को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।
बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि रामनवमी और ईद पर्व को मिलजुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा, ताकि नवगछिया क्षेत्र में भाईचारे और एकता की मिसाल कायम हो सके।















