



नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा चौक पर मंगलवार को प्रशासन द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान एनएच-31 एवं 14 नंबर रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता से लगभग एक सौ अस्थायी एवं स्थायी दुकानों को हटाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार एनएच-31 और 14 नंबर रोड के दोनों किनारों पर वर्षों से दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर दुकानें संचालित की जा रही थीं। इसके कारण सड़क संकीर्ण हो गई थी और अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती थी। कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी थीं। पूर्व में प्रशासन द्वारा नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अनुपालन नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान महेंद्र ठाकुर, अर्जुन कुमार साह, सुभाष साह, मुन्ना साह, प्रमोद साह, विपिन साह, रामचंद्र साह, लड्डू साह, संतोष सिंह, मो. सोहराब, मुन्ना गुप्ता, मुरली मंडल, अखिलेश साह, विमल साह, मंचन साह, सुरेश साह, दिलीप साह, बुचो साह सहित अन्य लोगों की दुकानों को हटाया गया। कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटा लिया, जबकि कई स्थानों पर जेसीबी से अतिक्रमण तोड़ा गया।

अभियान के दौरान नवगछिया के अंचलाधिकारी आशिष कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उनके साथ रंगरा थानाध्यक्ष एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था, ताकि विधि-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। प्रशासन की सख्ती के बीच पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
अभियान के बाद एनएच-31 और 14 नंबर रोड पर आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है, जबकि प्रभावित दुकानदारों में मायूसी देखी गई।
















