



नवगछिया। नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसकीपुर गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने इस संबंध में रंगरा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

पीड़िता के अनुसार, 8 फरवरी को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ नाव से खेत जा रही थी। इसी दौरान कोसकीपुर सहोड़ा गांव के रहने वाले सन्नी कुमार और गगन कुमार ने उसकी गोतनी की पुत्री के साथ गलत नीयत से छेड़खानी शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया गया तो दोनों आरोपियों ने नाव को डुबाने का प्रयास किया, जिससे परिवार के लोगों की जान खतरे में पड़ गई।

महिला का आरोप है कि परिवार के सदस्यों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी और उग्र हो गए तथा उन्होंने उस पर और उसकी भतीजी पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों के पिता द्वारा मामले को दबाने के उद्देश्य से उसे एक निजी क्लिनिक में इलाज करवाया गया।
पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर रंगरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















