


भागलपुर। जिले के बुद्धुचक नया नगर स्थित रानी दियारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 25 वर्षीय पूनम कुमारी की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान भोकू मंडल की पुत्री पूनम कुमारी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि पूनम मंगलवार सुबह घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। जब वह लंबे समय तक घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान ग्रामीणों ने देखा कि पूनम पानी में डूबी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय चौकीदार मौके पर पहुंचा और मामले की जानकारी रानी दियारा थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच में जुट गई है।
मृतका तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।















