




भागलपुर : दादी जी सेवा समिति की ओर से रविवार को चुनिहरी टोला स्थित प्राचीन राणी सती मंदिर परिसर में धूमधाम से सिंधारा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा राणी सती दादी को हल्दी और मेंहदी लगाकर 16 शृंगार से हुई। इसके उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना कर 56 प्रकार के भोग समर्पित किए गए।
संध्या समय भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध गायक हेमंत राजस्थानी और युवराज भारद्वाज ने दादीजी के जीवन पर आधारित अनेक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भावपूर्ण भजनों पर महिलाएं भाव-विभोर होकर झूमने लगीं और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया।

समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार खेतान ने बताया कि सिंधारा उत्सव को लेकर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था। यह आयोजन समिति द्वारा पिछले 25 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। उत्सव के दौरान हल्दी, गजरा, मेहंदी, चुनरी और फूलों का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने पूरे उत्साह से भाग लिया।
श्रावण माह में हरियाली तीज महिलाओं के लिए विशेष पर्व माना जाता है, जो उनके सुहाग और सौंदर्य से जुड़ा होता है। कुंवारी लड़कियां भी इस अवसर पर व्रत रखकर सुंदर वर की प्राप्ति की कामना करती हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष अनिल कुमार खेतान के साथ महामंत्री ओम प्रकाश कानोडिया, नरेश खेमका, दीपक, मनोज, अरुण लाठ, अरुण खेतड़ीवाल, मनोज चूड़ीवाला, मनीष जालान, पंकज, अरविंद चिरानियां, नीरज भिवानीवाला, आलोक सरावगी और अमित टेकरीवाल सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे रहे।












