



नवगछिया । भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में जिला प्रशासन के सहयोग से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), नई दिल्ली की बिहटा (पटना) टीम द्वारा छात्राओं को आपदा से बचाव के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने के लिए छात्राओं को सक्षम बनाना रहा।

एनडीआरएफ टीम के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने छात्राओं को प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान बाढ़ और आग से बचाव, प्राथमिक उपचार, दुर्घटना की स्थिति में शरीर से अधिक रक्तस्राव को रोकने के उपाय सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गोपालपुर क्षेत्र के तीनटंगा करारी महिपाल उच्च विद्यालय, इस्माइलपुर प्रखंड तथा रंगरा चौक में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षकों ने कहा कि आपदा कभी भी और बिना पूर्व सूचना के आ सकती है। ऐसे में सही प्रशिक्षण होने पर व्यक्ति न केवल स्वयं की सुरक्षा कर सकता है, बल्कि आपदा की घड़ी में अन्य लोगों की मदद भी आसानी से कर सकता है।

गोपालपुर अंचल के नाजिर ललन कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित किया गया है, ताकि छात्राओं में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और उन्हें व्यवहारिक रूप से सक्षम बनाया जा सके।
















