


नवगछिया। नवगछिया की प्रतिभाशाली बेटी गरिमा चौधरी ने नृत्य के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रसिद्ध नृत्य प्रतियोगिता इंडियाज बेस्ट डांसर के पांचवें सत्र में उनका चयन देश के शीर्ष 30 प्रतिभागियों में हुआ है।
जानकारी के अनुसार प्रारंभिक चरण में देशभर से प्रतिभागियों का चयन सामाजिक माध्यम इंस्टाग्राम के जरिए किया गया था, जिसमें गरिमा चौधरी का चयन पहले शीर्ष 60 प्रतिभागियों में हुआ। इसके बाद आयोजित चयन चरण में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 30 में स्थान प्राप्त किया। अब 12 मार्च को होने वाले अगले चरण में वे शीर्ष 15 में पहुंचने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
गरिमा चौधरी वर्तमान में दिल्ली स्थित केंद्रीय विद्यालय विज्ञान विहार में कक्षा 12 की छात्रा हैं। बताया गया कि यह कार्यक्रम अप्रैल माह में सोनी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा।
गरिमा की इस उपलब्धि पर नवगछिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नगर परिषद की सभापति प्रीति कुमारी, सभापति प्रतिनिधि प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव, उपसभापति प्रतिनिधि प्रमोद यादव, क्लीन एंड ग्रीन नवगछिया के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त साह, संरक्षक श्रीधर कुमार, संतोष गुप्ता, डॉ. गोपाल भारती, अशोक केडिया, विक्रम भुडोलिया, राजीव गुप्ता, शंभू चिरानिया, बाबा गणिनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पंकज भारती, सचिव संदीप गुप्ता सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
बाबा गणिनाथ सेवा समिति के वरीय संरक्षक चन्द्रगुप्त साह ने कहा कि गरिमा ने अपने नाम के अनुरूप नवगछिया की गरिमा बढ़ाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगछिया की यह बेटी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर प्रतियोगिता में आगे बढ़ते हुए क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।














