5
(1)

भागलपुर। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय खेल एवं फिटनेस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 29 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक गतिविधियों और फिटनेस अभियानों का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को खेल व शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि इन तीन दिनों में खेल भवन भागलपुर एक बड़े खेल महाकुंभ का रूप ले लेगा। आयोजन में दौड़, योग, क्विज़, वाद-विवाद, पेंटिंग, कबड्डी, साइक्लिंग, स्पून रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी।

कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त को सुबह 6:30 बजे सैंडिस कंपाउंड स्थित स्टेशन क्लब में खेल दिवस की शपथ के साथ होगी। इसके पश्चात भारतरत्न मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उसी दिन 3 किलोमीटर लंबी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जो स्टेशन क्लब से प्रारंभ होकर मुख्य सड़क, मनाली चौक, कचहरी चौक, पुलिस लाइन, तिलकामांझी चौक होते हुए पुनः स्टेशन क्लब पर समाप्त होगी।

इसके बाद जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी। दोपहर 2 बजे से खेल भवन में हीरो एशियन पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 के उद्घाटन समारोह और पहले मैच का सीधा प्रसारण टीवी व प्रोजेक्टर के माध्यम से खिलाड़ियों को दिखाया जाएगा। इसी दिन अपराह्न 3 बजे पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी खेल भवन में किया जाएगा।

30 अगस्त को सुबह 8 बजे से सैंडिस कंपाउंड में “डे ऑफ फिटनेस” कार्यक्रम के तहत 100 मीटर एथलेटिक्स दौड़ का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से खेल भवन में योग और कबड्डी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। योग स्पर्धाएं ओपन श्रेणी के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग से होंगी।

31 अगस्त को सुबह 6 बजे “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो बैडमिंटन हॉल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस बैडमिंटन हॉल पर समाप्त होगा।

राजगीर में 29 अगस्त से 7 सितम्बर तक आयोजित हीरो कप एशियन पुरुष हॉकी के सभी मैचों का प्रतिदिन सीधा प्रसारण खेल भवन सह व्यायामशाला, भागलपुर में एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से किया जाएगा। इसी दौरान सैंडिस कंपाउंड के कैफेटेरिया के समीप हीरो एशिया कप से संबंधित फैन पार्क और सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। 30 अगस्त को स्पून रेस और म्यूजिकल चेयर की प्रतियोगिताएं इसी फैन पार्क में संपन्न होंगी।

जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं, छात्रों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों को खेल और फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी से इन आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: