



भागलपुर। तातारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेकाबगंज में आपसी विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दो परिवारों के बीच जमकर लाठी-डंडे से मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घायल अनिल मंडल ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला मुकेश उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मुकेश के साथ उसके परिवार के राजेंद्र, मुरारी समेत तीन-चार अन्य लोग आक्रोशित हो गए और अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अनिल मंडल के अनुसार, हमले में न केवल वे स्वयं घायल हुए, बल्कि उनकी पत्नी और उनके तीन बेटों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उनके परिवार के कुल सात सदस्य जख्मी हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अनिल मंडल ने फोन कर तातारपुर थाना को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।













