



भागलपुर। रोटरी विक्रमशिला और विक्रमशिला पिंक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्थापना समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटेरियन मृदुला घोष की गणेश वंदना से हुआ। समारोह में चार्टर अध्यक्ष रोटेरियन प्रवीण सिंह, उप जिलापाल रोटेरियन राम बिनोद सिंह, डॉ. वर्षा सिन्हा और डॉ. प्रसून कुमार का स्वागत अंगवस्त्र और पौधा देकर किया गया।
वर्ष 2024-25 के अध्यक्ष विजय आनंद और बबीता साह ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और सभी सदस्यों को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इसके उपरांत उन्होंने औपचारिक रूप से वर्ष 2025-26 के लिए विक्रमशिला क्लब के नए अध्यक्ष रोटेरियन सानी और विक्रमशिला पिंक की अध्यक्ष रोटेरियन सुधा पांडे को रोटरी कॉलर पहनाकर पदभार सौंप दिया।

उप जिलापाल राम बिनोद सिंह ने रोटरी का ‘4-वे टेस्ट’ पढ़ा और नव नियुक्त अध्यक्ष सानी व सुधा पांडे, सचिव नीरज कुमार और तबस्सुम परवेज समेत अन्य सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नव निर्वाचित अध्यक्ष सुधा पांडे ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित योजनाओं की घोषणा की। इनमें ‘हरित भविष्य अभियान’ के तहत हर रोटेरियन द्वारा हर वर्ष 10 पेड़ लगाना, ‘एक क्लब–एक स्कूल’ योजना के अंतर्गत शिक्षा और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना, जल स्वावलंबन मिशन, वरिष्ठ नागरिकों के लिए “हमारे अनुभव, हमारी धरोहर” योजना, महिलाओं के लिए हुनर आधारित प्रशिक्षण व आत्मनिर्भरता कार्यक्रम, नियमित निःशुल्क मेडिकल कैंप, सदस्य वृद्धि अभियान के तहत 15% सदस्य वृद्धि, युवा जुड़ाव और मेंटरशिप प्रोग्राम शामिल हैं।

चार्टर अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने दोनों नए अध्यक्षों की ऊर्जा की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह सत्र रोटरी को भागलपुर में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। डॉ. वर्षा सिन्हा और डॉ. प्रसून कुमार ने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन विजय आनंद ने किया और समापन संदेश देते हुए चार्टर अध्यक्ष चंदना चौधरी ने सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा, “रोटरी एक विचार है – सेवा से समाज बदलने का। आइए, हम सब मिलकर इस विचार को साकार करें – मजबूत संगठन, स्थायी सेवा और उज्ज्वल भविष्य के लिए।”
इस अवसर पर रोटेरियन किरण गोस्वामी, गायत्री सिंह, चंदना चौधरी, अंजना प्रकाश, रीना कुमारी, रेणु सिंह, मृदुला घोष, कमला साहू, रोशनी शर्मा, अर्चना साहा, रंजीता जैसवाल, डॉ. अंजू तुरियर, देवजानी सरकार, अमित आनंद, दीपक साह, सोनू जैसवाल समेत कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।













