



नवगछिया। एसपीएस ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षक सह अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर के नेतृत्व में एकदिवसीय ताइक्वांडो रेफरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में खिलाड़ियों को विशेष रूप से बताया गया कि फाइट के दौरान अंक कैसे दिए जाते हैं और किन परिस्थितियों में अंक कट जाते हैं।

प्रशिक्षक जेम्स फाइटर ने बताया कि किसी भी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अंक प्रणाली की जानकारी खिलाड़ियों के लिए बेहद आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि रेफरी की भूमिका को समझने से खिलाड़ी प्रतियोगिता के नियमों से बेहतर ढंग से परिचित होते हैं और यह उन्हें आत्मविश्वास के साथ खेलने में मदद करता है। प्रशिक्षण के दौरान सीनियर खिलाड़ियों को विशेष रूप से अंकों की गणना, फाउल और डिसक्वालिफिकेशन की स्थिति आदि पर विस्तार से जानकारी दी गई।
जेम्स फाइटर ने यह भी कहा कि समय-समय पर इस तरह की ट्रेनिंग आवश्यक होती है ताकि खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत हों और प्रतियोगिता के दौरान अपनी रणनीति को सही ढंग से लागू कर सकें।

इस रेफरी ट्रेनिंग में मीनाक्षी कुमारी, शिवम कुमार, हरिओम कुमार, प्रिया कुमारी, आराध्या सिंह, देवाश्री, हर्षिता कुमारी, सनी कुमार, अभय कुमार, सुमित कुमार, जानवीर, आयुष कुमार सहित कई खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य खिलाड़ियों को रेफरी नियमों की बारीक जानकारी देकर उन्हें अधिक सक्षम बनाना था।













