5
(1)

भागलपुर के सबौर प्रखंड अंतर्गत भिट्टी गांव में आयोजित दो दिवसीय महादंगल का समापन उत्साह और रोमांच के माहौल में संपन्न हुआ। गांव के ऐतिहासिक जोड़ा महादेव प्रांगण में आयोजित इस पारंपरिक दंगल में दूर-दराज क्षेत्रों के साथ-साथ कई राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।

दंगल के अंतिम दिन सुबह से ही दर्शकों की भारी भीड़ मैदान में जुटने लगी थी और दोपहर तक पूरा दंगल स्थल दर्शकों से खचाखच भर गया। समापन दिवस पर कई रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय और बाहरी राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। हर दांव-पेच पर दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन से पूरा मैदान गूंजता रहा।

आयोजकों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। दंगल में युवा पहलवानों के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों ने भी अपनी बेहतरीन कला का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान पहलवान रोहित ने पहलवान राजन को पछाड़ते हुए जीत दर्ज की, वहीं पहलवान सुल्तान ने अपने अनुभव के दम पर कई पहलवानों को पटखनी देकर पराजित किया। कई मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए, जबकि कुछ मुकाबलों में जोरदार दांव-पेच के साथ शानदार जीत दर्ज की गई।

ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजक समिति ने जानकारी दी कि महादंगल के फाइनल मुकाबले में प्रथम पुरस्कार रोहित, द्वितीय पुरस्कार राजन तथा तृतीय पुरस्कार सुल्तान को प्रदान किया गया। विजेता पहलवानों को ट्रॉफी एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए दर्शकों में विशेष उत्सुकता बनी रही।

भिट्टी गांव का यह महादंगल केवल एक खेल प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी माना जाता है। आयोजकों ने आने वाले समय में इससे भी बड़े स्तर पर दंगल आयोजन कराने की उम्मीद जताई है।

दंगल के समापन समारोह में नगर पंचायत सबौर के अध्यक्ष दीपशिखानंद परिणा, उपाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार, समाजसेवी सुगंध झा उर्फ सिक्की झा सहित आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: