



भागलपुर: राज्य सरकार के ‘7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार’ कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सबका सम्मान–जीवन आसान पहल के तहत सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में आम जनों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान जिलेभर से आए लोगों के आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए लगभग 30 मामलों की सुनवाई की गई।

सुनवाई के दौरान लंबित पेंशन, जमीन विवाद तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित मामलों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। कार्यक्रम में एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर पहुंचकर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की। साथ ही प्रखंड, अंचल एवं थाना स्तर पर भी अधिकारियों द्वारा अपने कार्यालयों में आम जनों की शिकायतें सुनी गईं।

कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा आवेदकों को प्राप्ति रसीद प्रदान की गई। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसरों में बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल एवं शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, ताकि फरियाद लेकर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा सरकारी व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना बताया गया।













