



60 से अधिक मामलों पर हुआ विचार
भागलपुर। राज्य सरकार के 7 निश्चय–3 के अंतर्गत चल रहे सबका सम्मान–जीवन आसान अभियान के तहत भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में आम जनता की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान करीब 60 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन, जमीन विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामले शामिल रहे।

जनसुनवाई के दौरान एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा और अपनी समस्या रखी, जिसे गंभीरता से सुना गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही सभी प्रखंडों, अंचलों, थानों एवं अन्य कार्यालयों में भी सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के तहत संबंधित विभागों द्वारा आम नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई की गई।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा आवेदकों को प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की ओर से शिकायतकर्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं शौचालय की सुविधा कार्यालय परिसर के समीप सुनिश्चित की गई थी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आम लोगों को राहत पहुंचाई जाए, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके। इस अभियान से आम जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोगों को अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिला है।
















