


भागलपुर : सबौर प्रखंड के भिट्टी गांव स्थित ऐतिहासिक जोड़ा महादेव प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय महादंगल ने खेल प्रेमियों में उत्साह और रोमांच का माहौल बना दिया। दंगल में दूर-दराज सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन किया।
सुबह से ही दंगल स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी और दोपहर तक पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया। पहले दिन आयोजित मुकाबलों में स्थानीय एवं बाहरी राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। हर दांव-पेच पर दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन से पूरा मैदान गूंजता रहा।
दंगल के दौरान पहलवान अनुज ने पहलवान रोहित को रोमांचक मुकाबले में पटखनी दी, वहीं पहलवान सुलतान ने अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पहलवानों को पराजित किया। कई मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए, जबकि कुछ में खिलाड़ियों ने बेहतरीन दांव लगाकर जीत दर्ज की।
आयोजकों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दंगल में युवा पहलवानों के साथ अनुभवी खिलाड़ियों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
आयोजक समिति ने बताया कि महादंगल का फाइनल मुकाबला दूसरे दिन आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता पहलवानों को सम्मानित किया जाएगा। फाइनल मुकाबले को लेकर दर्शकों में अभी से खासा उत्साह देखा जा रहा है।
भिट्टी गांव का यह महादंगल केवल खेल प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण खेल परंपरा का भी प्रतीक माना जाता है। आने वाले दिनों में और बड़े मुकाबलों के आयोजन की भी उम्मीद जताई जा रही है।












