



भागलपुर जिले के सबौर रेलवे स्टेशन पर रविवार को मुख्य प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा परिसंपत्तियों के रखरखाव में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के क्रम में प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया गया। कई स्थानों पर कूड़ा-करकट और अव्यवस्थित सामान पड़े मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

स्टेशन के बाहर खराब स्थिति में खड़े कई ट्रक भी पाए गए। इस पर निर्देश दिया गया कि यदि वाहन रेलवे या राज्य पुलिस से संबंधित हैं तो संबंधित विभाग को सूचना देकर उन्हें हटाया जाए। अन्यथा जिम्मेदार व्यक्तियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर वाहन हटाने को कहा जाए। तय अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर जब्ती अथवा नीलामी की प्रक्रिया अपनाने की चेतावनी दी गई।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि स्टेशन पर लिफ्ट स्थापित होने के बावजूद अब तक चालू नहीं की गई है। अधिकारियों ने तकनीकी बाधाओं को शीघ्र दूर कर लिफ्ट सेवा शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को सुविधा मिल सके।
मुख्य प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।













