



भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल से एक दुखद घटना सामने आई है। मुंगेर जिले के नया रामनगर के पास हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय इंटर का छात्र दिव्यांशु की मौत हो गई। घटना 3 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है, जब दिव्यांशु खाना खाने के बाद टहलने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित तेज़ रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दिव्यांशु को तत्काल 112 एम्बुलेंस द्वारा सदर अस्पताल, मुंगेर लाया गया।

चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें भागलपुर स्थित मायागंज के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। दिव्यांशु मुंगेर जिले के जानकी नगर का निवासी था। उनके पिता लक्ष्मण मंडल का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिससे परिवार पहले ही काफी संकटों से गुजर चुका था।

मृतक के जीजा ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, “अगर समय पर इलाज और दवा दी जाती तो दिव्यांशु की जान बच सकती थी। यहां के डॉक्टरों और नर्सों ने लापरवाही बरती।” इस घटना के बाद दिव्यांशु के परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य दुखी हैं और इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













