



भागलपुर शहर के प्रसिद्ध शाह मार्केट में अवैध दुकान निर्माण के विरोध में सोमवार को हजारों दुकानदारों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए दुकानदारों ने पूरे बाजार को बंद कर दिया और निर्माण कार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड की जमीन पर मतवली सैयद शाह इनायत हुसैन द्वारा मनमाने ढंग से अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि शाह मार्केट पहले से ही पूरी तरह से भरा हुआ है, जहां करीब 1100 से अधिक दुकानें पहले से संचालित हैं। ऐसे में नई दुकानों के निर्माण से भीड़भाड़ में बेतहाशा वृद्धि हो रही है और बाजार की मूलभूत सुविधाएं जैसे—पार्किंग, शुद्ध पेयजल और नाली निकासी की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि मतवली द्वारा निर्माण कार्य के नाम पर जबरन पैसे की वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि यह न केवल अवैध है बल्कि इससे पुराने दुकानदारों की रोजी-रोटी भी खतरे में पड़ गई है। व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध निर्माण को तुरंत रोका जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन एहतियातन बाजार क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
शाह मार्केट के व्यापारियों का कहना है कि वे पहले से ही सुविधाओं के अभाव में काम कर रहे हैं, और अब इस तरह के अवैध निर्माण से उनकी परेशानियां और अधिक बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई जाती, तब तक वे संघर्ष जारी रखेंगे।














