



भागलपुर। बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव में सहजन के पेड़ में कीड़ा (पिल्लू) लगने को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि छठ पूजा के अवसर पर आरोपी पक्ष के यहां मेहमान आए थे। उनके साथ कई बच्चे भी मौजूद थे। सहजन के पेड़ में कीड़ा लगने के कारण उसके उड़ने से बच्चों को परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष ने विरोध जताया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित पक्ष ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

घायल की पहचान ब्रह्मदेव मिश्रा के पुत्र अजीत मिश्रा के रूप में की गई है। उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसके चलते उनके हाथ-पैर टूट गए और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट का आरोप गोतिया पक्ष के रितेश, अभिषेक, कारेलाल और सुनीता देवी पर लगाया गया है।
घायल अजीत मिश्रा ने बताया कि “घर के सामने सहजन का पेड़ है। उसमें कीड़ा लग गया है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी पक्ष के भी पेड़ में कई बार कीड़ा लगा है, लेकिन हम कभी आपत्ति नहीं जताते। इसके बावजूद वे लोग लगातार विवाद करते रहते हैं।” उन्होंने कहा कि पहले भी इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

फिलहाल घायल अजीत मिश्रा का इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ होने के बाद वे फिर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
















