



भागलपुर के समीक्षा भवन स्थित सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने भाग लिया। पटना से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा पुलिस अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्राम कचहरी में सरपंच के अधिकार, कर्तव्य एवं उनकी कानूनी भूमिका को स्पष्ट करना था। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राम स्तर पर होने वाले कई छोटे विवादों का समाधान ग्राम कचहरी के माध्यम से ही संभव है, जिससे थानों पर अनावश्यक दबाव भी कम किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस और सरपंच के बीच बेहतर तालमेल एवं आपसी सहयोग आवश्यक बताया गया।

कार्यशाला के दौरान थाना प्रभारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर एसएसपी ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से पुलिस और ग्राम कचहरी के बीच समन्वय और मजबूत होगा तथा ग्रामीण स्तर पर न्याय प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकेगी।
















