



भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में शनिवार को बिहार सरकार के सात निश्चय- 3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ को लेकर जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चय- 3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (ईजी ऑफ लिविंग) का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उसके जीवन को और आसान बनाना है। ऐसा देखा गया है कि आम लोग जब अपनी समस्याओं को लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचते हैं तो अधिकारी उपस्थित नहीं रहते हैं, जिसके कारण उन्हें असुविधा होती है।

इसे देखते हुए अब राज्य के आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसे लेकर सरकार द्वारा दिशा-निर्देश जारी किया गया है : प्रत्येक सप्ताह के दो कार्यदिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला, प्रमंडल एवं राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोग अपनी शिकायतों का निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके निर्धारित कार्यस्थल / कार्यालय कक्ष में मिलेंगे। निर्धारित दोनों दिवसों पर सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित होकर लोगों से सम्मानपूर्वक मिलेंगे और उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका त्वरित निराकरण करेंगे।

यदि संबंधित पदाधिकारी सोमवार एवं शुक्रवार को किसी अपरिहार्य कारणवश कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं तो उनके स्थान पर उनके द्वारा अधिकृत पदाधिकारी लोगों से मिलने के कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। वैसे पदाधिकारी जो एक से अधिक विभाग / कार्यालय के प्रभार में है, वे सोमवार / शुक्रवार को सुविधानुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालय में उपस्थित रहकर लोगों से मिलेंगे। सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों को सम्मानपूर्वक बैठाने एवं मिलने के साथ-साथ उनके लिए जरूरी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था की जायेगी। आगंतुकों से प्राप्त शिकायतों की पंजी का संधारण किया जाएगा एवं शिकायतों के सतत् अनुश्रवण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। सभी नियंत्री पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि अधीनस्थ पदाधिकारी उपरोक्त निदेशों का अक्षरशः पालन कर रहे हैं।

साथ ही, सभी नियन्त्री पदाधिकारी अधीनस्थ पदाधिकारी के कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन 2 के अनुश्रवण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत्त फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कैंप मोड में किया जा रहा है। प्रथम चरण का कैंप 06 जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित किया गया। पुनः द्वितीय चरण को भी मिशन मोड में कैंप के माध्यम से 17 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक यानी द्वितीय चरण का कैंप 17, 18, 19, 20 एवं 21 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाना है। फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार करने हेतु सीएससी एवं स्वयं के माध्यम से बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोटल

(https://bhfr.agristack.gov.in/farmer-registry-bh/#/) का उपयोग करते हुए किसान अपना फार्मर आईडी तैयार करा सकते हैं। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान को लेकर सरकार द्वारा जारी आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। सभी थानों में अनुमंडल पुलिस कार्यालय, जिला पुलिस कार्यालय में आम लोगों की शिकायतों को सुनने के लिए सोमवार एवं शुक्रवार को कार्यालय अवधि में पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा सुनवाई करेंगे और उनके शिकायतों का निष्पादन करेंगे।













