


भागलपुर। महिलाओं की आकांक्षाओं को सुनने और समझने की दिशा में भागलपुर जिले में चल रहा “महिला संवाद” कार्यक्रम अब व्यापक असर दिखा रहा है। अब तक जिले के 1245 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रमों का सफल आयोजन हो चुका है, जिसमें लगभग 2 लाख 68 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। हर दिन औसतन 7,000 से अधिक महिलाएं इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर रही हैं।
इस संवाद के माध्यम से महिलाओं से प्राप्त 24,117 आकांक्षाओं को मोबाइल एप के जरिए दर्ज किया जा चुका है, जिन्हें विभागवार वर्गीकृत कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

सशक्तिकरण की मिसाल बनीं संगीता कुमारी
इस्माईलपुर प्रखंड के परबत्ता गांव की संगीता कुमारी, जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए अपनी तीन बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने का सपना साकार किया है। वह कहती हैं, “बेटियां पढ़ेंगी तभी आगे बढ़ेंगी। सरकार शिक्षा को लेकर काफी प्रोत्साहन दे रही है।”
जमीनी स्तर पर दिख रहा है असर
आज भी जिले के विभिन्न प्रखंडों में 30 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीरपैंती, रंगरा चौक, नारायणपुर और गोपालपुर में संवाद का प्रथम चरण संपन्न हो चुका है। अब दूसरे चरण में इस्माईलपुर, नाथनगर और नवगछिया में संवाद की शुरुआत हो गई है।
भागलपुर जिले में कुल 1820 स्थानों पर महिला संवाद का आयोजन निर्धारित है। यह अभियान 17 जून तक चलेगा।
