



नवगछिया थाना क्षेत्र के बाबा विसुराउत रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रविवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
माघी पूर्णिमा के अवसर पर फोरलेन सड़क पर जाम लगा हुआ था। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर रेलवे लाइन के पास पड़े युवती के शव पर पड़ी। तुरंत लोगों ने नवगछिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। बाद में एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि युवती ने ऊपर काले रंग का कपड़ा और नीचे लाल रंग का पजामा पहन रखा था। पुल की रेलिंग में युवती का दुपट्टा लटका पाया गया। घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले और आसपास खून के भी कोई निशान नहीं पाए गए। इस कारण शुरुआती अनुमान है कि युवती की हत्या कहीं और हुई और शव को इस स्थान पर फेंका गया हो।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने स्थल से साक्ष्य एकत्र किए। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने कहा कि युवती का शव सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर साझा कर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि किसी को युवती के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस से साझा करें।
नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और पहचान होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।














