


बिहपुर। थाना क्षेत्र के लत्तीपुर गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दिलीप यादव के 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार मंगलवार की शाम करीब 4 बजे अपने घर से बासा (पशुओं को चारा देने की जगह) की ओर गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग खोजबीन करते हुए बासा पहुंचे, तो वहां अमरूद के पेड़ से उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थाना के थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया भेज दिया गया। बताया गया कि मृतक का बासा उसके घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अभिषेक दो भाइयों में से एक था और स्वभाव से मिलनसार युवक था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मृतक के पिता दिलीप यादव पूर्व में कुछ मामलों में नामजद आरोपी रह चुके हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या एवं अन्य संभावित कोणों से जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।












