


भागलपुर जिले के सनोखर थाना परिसर में शनिवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव स्वयं उपस्थित होकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना था।
एसएसपी ने कहा कि सरकार आम लोगों के जीवन में खुशहाली लाने और प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में प्रत्येक शनिवार को थानों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि लोग सीधे पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं रख सकें।
जनसंवाद कार्यक्रम में सनोखर थाना क्षेत्र से कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई। हालांकि, स्थानीय लोगों ने सामान्य रूप से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने की मांग की, ताकि शांति और सुरक्षा का माहौल और मजबूत हो सके।
तैलोधा पंचायत के अफजलपुर गांव निवासी बम-बम मंडल ने बिजली विभाग द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने की शिकायत एसएसपी के समक्ष रखी। एसएसपी ने संबंधित मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अरार पंचायत के उपमुखिया मोहम्मद अब्दुल्ला ने रमजान माह के दौरान बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण फिरका मांगने वाले भिखारियों के नहीं आने का मुद्दा उठाया और इस विषय पर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। इस पर एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि कई बार फेरीवालों या मानसिक रूप से कमजोर लोगों के बारे में गलतफहमी फैलने से मारपीट की घटनाएं हो जाती हैं, जो दंडनीय अपराध है।
उन्होंने अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस अधिकारियों को दें। बेवजह मारपीट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धुआवै पंचायत के मुखिया आशिष कुमार मोनू ने कहा कि थानाध्यक्ष पंकज किशोर के पदभार संभालने के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम हुई है और आपराधिक मामलों में कमी आई है। वहीं सनोखर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जयंत सिंह ने बताया कि सनोखर बाजार में पहले सूखा नशा करने वाले युवकों की संख्या अधिक थी, लेकिन अब उस पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने एक स्वर में थानाध्यक्ष की कार्यशैली की सराहना की। अंत में एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके और समाज में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।












