



नवगछिया पुलिस ने ठगी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब 15 नवंबर 2025 को भागलपुर के सांसद द्वारा रंगरा थाना को सूचना दी गई कि अज्ञात नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल कर कोई व्यक्ति केंद्रीय गृह मंत्री, भारत सरकार का फर्जी पीए बनकर पैसे की मांग कर रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए रंगरा थाना कांड संख्या 274/25 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। ठगी के इस प्रयास को चुनौती मानते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझा लिया।
पुलिस टीम ने रंगरा थाना क्षेत्र से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है— राज कुमार पांडेय, पिता जगदम्बा प्रसाद पांडेय, निवासी जिवधरपुर, थाना अहिरौली, जिला अम्बेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) एवं रवि पांडेय, पिता जगदम्बा प्रसाद पांडेय, निवासी जिवधरपुर, थाना अहिरौली, जिला अम्बेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) हैं ।

पूछताछ के दौरान दोनों गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे केंद्रीय गृह मंत्री के फर्जी पीए बनकर माननीय सांसद से पैसे ठगने का प्रयास कर रहे थे। उनके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी छानबीन की जा रही है।
नवगछिया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि ठगी से जुड़े मामलों में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
















