



भागलपुर-खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा का दो दिन पूर्व लापता हुआ कुत्ता आखिरकार पुलिस की तत्परता से बरामद कर लिया गया। मामला इशाकचक थाना क्षेत्र का है, जहां मोहल्ले में एक विदेशी नस्ल के कुत्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था।
जानकारी के अनुसार, सांसद राजेश वर्मा का पालतू कुत्ता उनके खरमनचक स्थित आवास से अचानक निकल कर कहीं चला गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कुत्ते का कुछ पता नहीं चला। अंततः सांसद ने स्थानीय पुलिस से सहायता मांगी।

दो दिन बाद इशाकचक थाना पुलिस को सूचना मिली कि मोहल्ले में एक अज्ञात विदेशी कुत्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि दोनों पक्ष उस कुत्ते को अपने पास रखने को लेकर झगड़ रहे हैं, परंतु किसी को भी यह नहीं मालूम था कि असल मालिक कौन है।
पुलिस ने स्थिति को शांत करते हुए कुत्ते का फोटो खींचकर सांसद राजेश वर्मा को भेजा। सत्यापन के बाद सांसद ने उस कुत्ते को अपना बताया। इसके बाद दोनों पक्षों का विवाद समाप्त हो गया और वे अपने-अपने घर लौट गए।
इशाकचक थानाध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया कि मोहल्ले में कुत्ता घूमता मिला था, जो देखने में सुंदर और विदेशी नस्ल का था। इसी कारण उसे लेकर मोहल्ले में विवाद हो गया था। जांच में पता चला कि वह कुत्ता सांसद राजेश वर्मा का है, जो दो दिन पहले लापता हो गया था। बाद में सांसद के परिजनों को थाने बुलाकर कुत्ता सौंप दिया गया।













