




नवगछिया : सरस्वती पूजा एवं 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र नवगछिया अनुमंडल में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने किया।

इस फ्लैग मार्च में बीडीओ, सीओ, नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह, रंगरा थानाध्यक्ष विश्व बंधु कुमार सहित गोपालपुर, परवत्ता, ढोलबज्जा एवं कदवा थाना क्षेत्रों के पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही।
फ्लैग मार्च नवगछिया थाना से प्रारंभ होकर गौशाला रोड, महाराज जी चौक, मक्का तकिया, नगर परिषद नवगछिया, उजानी, मनियामोर, राजेंद्र कॉलोनी, मिलटोला, रसलपुर होते हुए एनएच-31 के रास्ते मकनपुर चौक तक पहुंचा। इसके पश्चात गोपालपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों एवं रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर सरस्वती स्थान सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च किया गया।

इस अवसर पर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने आम नागरिकों से अपील की कि सरस्वती पूजा श्रद्धा, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा एवं राष्ट्रीय पर्व के दौरान डीजे, भड़काऊ अथवा अश्लील गानों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जुलूस में हथियार, लाठी-डंडे लेकर चलने अथवा नशे की हालत में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि सरस्वती प्रतिमाओं का विसर्जन 24 या 25 जनवरी तक सुनिश्चित कर लिया जाए, ताकि 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है।















