



भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर खुर्द पंचायत में सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए नाथनगर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि परिजन करीब आधे घंटे तक अस्पताल में डॉक्टर का इंतजार करते रहे, जिससे दोनों घायलों की हालत और चिंताजनक हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं, सरकारी अस्पताल में डॉक्टर की गैरमौजूदगी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।













