



भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए लहसुनिया पटाखा बम कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस तथा लहसुनिया बम बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।

इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 जनवरी की देर रात लोदीपुर थाना क्षेत्र के गोहरियों जगन्नाथपुर गांव में सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक ही समुदाय के दो पड़ोसियों के बीच आपसी विवाद हो गया था। विवाद के दौरान लहसुनिया पटाखा बम का प्रयोग किया गया, जिससे कुछ लोग घायल हो गए थे और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू की। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन और छापेमारी की गई, जिसके बाद इस घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












