



सोते समय सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में तोड़ा दम
नवगछिया के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत नगरपारा उत्तर पंचायत के चकरामी वार्ड संख्या 11 में रविवार देर रात करीब 12 बजे एक युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतक की पहचान चकरामी निवासी जयंत कुमार झा के 21 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार झा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक रात को अपने घर में सोया हुआ था, तभी एक विषैले सांप ने उसे डंस लिया। हालत बिगड़ते देख परिजन आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बलाहा गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया।
मृतक आनंद कुमार झा दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां और अन्य परिजन दहाड़ें मारकर रो रहे हैं।
भवानीपुर थानाध्यक्ष अवर निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि युवक की मौत सर्पदंश से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं गांव के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता राशि के रूप में मुआवजा प्रदान किया जाए।














