



भागलपुर। सुलतानगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना शिवनंदनपुर हनुमान मंदिर के पास घटी। मृतक की पहचान सुलतानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर गांव के रहने वाले अखिलेश बिंद के पुत्र रवि कुमार (28) के रूप में हुई है। मृतक युवक की पांच साल पहले असरगंज के बिक्रमगंज में शादी हुई थी और उन्हें एक बेटी भी है।

जानकारी के अनुसार, रवि कुमार अपने ससुराल से घर लौट रहे थे। वह हनुमान मंदिर के समीप बाइक खड़ी कर रुके थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रवि कुमार को स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए पास के रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे प्रारंभिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रवि कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके भाई किशन कुमार ने बताया कि रवि कुमार ससुराल से घर लौटते समय हनुमान मंदिर के पास हादसे का शिकार हो गए। वह बाइक खड़ी कर रुके हुए थे, तभी अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। किशन कुमार के अनुसार, जब उन्हें हादसे की जानकारी मिली, तब उन्होंने रवि को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उसे मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां पर उसकी मौत हो गई।

सुलतानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी बाइक सवार की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। यह हादसा क्षेत्र में काफी चर्चित हो गया है और स्थानीय लोग इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।













