5
(3)

भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सात निश्चय-3 कार्यक्रम के अंतर्गत फीडबैक बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम राज्य के नागरिकों के जीवन को आसान बनाने और “सबका सम्मान-जीवन आसान” के लक्ष्य के अनुरूप सरकारी संस्थागत सेवाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

बैठक में भागलपुर के जनप्रतिनिधियों, प्रखंड अधिकारियों, वार्ड पार्षदों, विद्यालय शिक्षकों, अभिभावकों और विभिन्न गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान आम नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों और सरकारी सेवाओं को और अधिक सुगम बनाने के लिए कई सुझाव प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रमुख सुझाव थे:

विद्यालयों में शिक्षकों और अभिभावकों की साप्ताहिक बैठक आयोजित करना।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए पंचायत स्तर पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराना।

विकलांगता प्रमाण पत्र हेतु चिकित्सीय जांच की व्यवस्था प्रखंड स्तर पर करना।

कबीर अंत्येष्टी अनुदान योजना के तहत त्वरित भुगतान हेतु पंचायत स्तर पर आकस्मिक निधि की व्यवस्था।

डब्ल्यूपीयू में गोबर गैस प्लांट स्थापित करना।

7-8 पंचायतों में एक सुविधा केंद्र, जहां आधार निर्माण की सुविधा मिले।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वृद्ध एवं विकलांगों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था।

बीपीएल सूची का पुनः अद्यतन।

लेबर कार्ड बनाने के लिए पंचायत स्तर पर शिविर का आयोजन।

ग्रामीण स्तर पर कुटीर उद्योगों के विकास पर ध्यान।

हर पंचायत में दूध बिक्री केंद्र खोलना।

सोलर लाइट का नियमित रखरखाव।

आपदा प्रबंधन की सुविधा शहरी क्षेत्रों में भी उपलब्ध कराना।

नगर निगम कार्यालय में सामाजिक सुरक्षा के ऑनलाइन आवेदन की सुविधा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सुखी और स्वस्थ जीवन के लिए कार्य संस्कृति और जीवनशैली में बदलाव आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन और मेहनत की प्रवृत्ति विकसित करने की शुरुआत घर से ही करनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सात निश्चय-3 कार्यक्रम वर्ष 2025–30 के लिए बनाया गया है, जिसमें सात प्रमुख लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं:

  1. दो गुना रोजगार-दोगुनी आय
  2. समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार
  3. कृषि में प्रगति-प्रदेश की समृद्धि
  4. उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य
  5. सुलभ स्वस्थ-सुरक्षित जीवन
  6. मजबूत आधार-आधुनिक विस्तार
  7. सबका सम्मान-जीवन आसान

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित सभी प्रखंड पदाधिकारी, पंचायत मुखिया, नगर निगम वार्ड पार्षद एवं भागलपुर के कई गणमान्य और प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: