5
(1)

भागलपुर में स्कूल जाने के दौरान तीन नाबालिग बच्चों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि अपहरण के करीब पांच घंटे बाद तीनों बच्चे बदमाशों के चंगुल से भाग निकलने में सफल रहे और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जबकि शुक्रवार को परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। तीनों बच्चे एक ही परिवार के हैं।

मामला रसूलपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे गुरुवार सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। घर आसपास होने के कारण वे रोज की तरह एक साथ स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने बाइक से उनका पीछा किया और घर से करीब एक किलोमीटर दूर जबरन उन्हें स्कॉर्पियो वाहन में बैठा लिया।

बच्चों के अनुसार, अपहरण के बाद बदमाश उन्हें करीब 15 किलोमीटर दूर ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया, जहां पहले से एक अन्य बच्चा मौजूद था।

मुंह पर पाउडर डालकर किया बेहोश

अपहरण से भागकर आए एक नाबालिग ने बताया कि स्कॉर्पियो में बैठाने के बाद बदमाशों ने उनके मुंह पर किसी प्रकार का पाउडर डाल दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। उन्हें खाने के लिए बिस्कुट भी दिया गया, लेकिन उन्होंने उसे नहीं खाया। होश आने पर चारों बच्चों ने खुद को एक बंद कमरे में पाया।

बच्चों ने बताया कि जब उन्हें होश आया तो कमरे में कोई अपराधी मौजूद नहीं था। मौके का फायदा उठाते हुए उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोला और वहां से भागकर अपने घर पहुंच गए। चौथा बच्चा कहां का रहने वाला है, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।

स्थानीय महिला अर्चना देवी ने बताया कि जिस कमरे में बच्चों को रखा गया था, वहां से पहले भी सबौर और साहिबगंज के दो बच्चों को बरामद किया जा चुका है।

स्कूल नहीं पहुंचने पर शिक्षकों ने दी सूचना

तीनों बच्चों के पिता राजेश कुमार ने बताया कि बच्चे स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन निर्धारित समय तक स्कूल नहीं पहुंचे। बाद में स्कूल के शिक्षकों ने फोन कर बताया कि बच्चे स्कूल नहीं आए हैं। इसके बाद उन्होंने पत्नी के साथ बच्चों की खोजबीन शुरू की। इसी दौरान तीनों बच्चे घर की ओर आते दिखाई दिए। उनके चेहरे पर पाउडर लगा हुआ था और उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी।

रसूलपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि बच्चे गुरुवार को स्कूल के लिए निकले थे और दोपहर करीब 2 बजे घर लौट आए। शुक्रवार को परिजन थाना पहुंचे और मामले की सूचना दी। पुलिस द्वारा संबंधित स्थान की तलाशी ली जाएगी तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: